उदयपुर , अगस्त 30 -- राजस्थान में आबकारी विभाग ने विभिन्न जिलों में अवैध मदिरा जब्त करते हुए हजारों लीटर वॉश नष्ट किया।
विभाग द्वारा रविवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर में आबकारी दल ने 600 लीटर वॉश सहित एक कच्ची भट्टी नष्ट करते हुए 20 लीटर अवैध हथकड़ शराब बरामद की। श्रीगंगानगर में एक अन्य कार्रवाई के तहत लक्ष्मीनारायण नाहर ग्राम खता में तीन हजार लीटर वॉश सहित तीन अवैध भट्टियां नष्ट की गई। भीलवाड़ा के कुवांडा खान, ग्राम कुवाडा में कोठारी नदी के पेटे में चार हजार लीटर वॉश सहित पांच भट्टियां नष्ट की गई। मौके से 15 लीटर अवैध हथकड़ शराब भी जब्त की गई है।
इसी प्रकार बारां जिले के शाहबाद उपखंड में गाडीघाट गांव के समीप के वन क्षेत्र में तलाशी के दौरान 1700 लीटर वॉश एवं छह भट्टियां नष्ट की गई। मौके से 30 लीटर अवैध हथकड़ शराब भी बरामद की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित