बुरहानपुर , सितंबर 29 -- मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में अवैध मदिरा निर्माण, विक्रय एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर 11 प्रकरण दर्ज किए और चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

कलेक्टर हर्ष सिंह के आदेश तथा जिला आबकारी अधिकारी पार्थ सारथी शर्मा के निर्देशन में ग्राम खेरखेड़ा, खारखेड़ा, अमुल्ला खुर्द, झोलापुरा एवं डबाली में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान 56 लीटर कच्ची हाथ भट्टी मदिरा, 1500 किलोग्राम महुआ लहान तथा 15 पाव देशी मदिरा प्लेन बरामद कर जब्त की गई। जब्त मदिरा एवं मदिरा निर्माण में प्रयुक्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य एक लाख 65 हजार रुपये बताया गया है।

आबकारी विभाग ने गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत प्रकरण दर्ज किए हैं। सहायक जिला आबकारी अधिकारी मुकेश गौर के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में उप निरीक्षक शेरसिंह मोरे, केतन भाबर, आरक्षक अनीता रावत, हेमंत, रवि पाल और पलक सिकरवार का सहयोग रहा। कार्रवाई के दौरान संबंधित स्थानों पर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी गई तथा अवैध मदिरा के विक्रय की सूचना आबकारी विभाग को देने के लिए जागरूक किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित