जमुई, जून 02 -- अवैध बालू उठाव और परिवहन से जुड़े भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने कार्रवाई करते हुए झाझा थाने में पदस्थापित सरकारी चालक जितेंद्र कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, झाझा थाना के सरकारी चालक जितेंद्र कुमार पर अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों से सुविधा देने के नाम पर नियमित रूप से अवैध वसूली करने का आरोप था। सूत्रों के अनुसार वह अवैध बालू ढोने वाले ट्रैक्टर चालकों से प्रति ट्रैक्टर प्रतिदिन तीन हजार रुपये की मांग करता था।

मामले की शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने इसकी जांच शुरू की। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और चालक को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान उसके पास से घूस की पूरी राशि भी बरामद कर ली गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित