भीलवाड़ा , जून 02 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के फूलियाकलां थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से एक डंपर और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को क्षेत्र में अवैध बजरी परिवहन किये जाने की पुख्ता सूचना मिली थी, जिस पर पुलिस ने केकड़ी रोड स्थित खारी नदी क्षेत्र में अचानक दबिश देकर बजरी से भरे एक डंपर को जब्त कर लिया। पुलिस को अपनी ओर आता देखकर डंपर चालक बीच रास्ते में ही वाहन छोड़कर मौके से रफूचक्कर हो गया।
पुलिस ने दूसरी कार्रवाई के तहत कनेछन कलां के समीप अवैध रूप से बजरी भरकर जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को घेराबंदी करके पकड़ा। यहां भी ट्रैक्टर चालक पुलिस को देखते ही वाहन छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने दोनों ही अवैध वाहनों को अपने कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करवा दिया है और संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित