भोपाल , सितंबर 13 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र के गोरेगांव में कथित अवैध प्लॉटिंग की शिकायत करने वाले रियल एस्टेट कारोबारी के घर के बाहर फायरिंग के मामले में धमकी के कथित ऑडियो सामने आए हैं। फरियादी पक्ष का दावा है कि फायरिंग से पहले और बाद में उन्हें फोन पर धमकियां दी गईं। ऑडियो में एक व्यक्ति खुद को मुरैना निवासी सौरभ चौहान बताते हुए भोपाल में काम नहीं करने की धमकी देता सुनाई दे रहा है। ऑडियो की आवाज और उसमें किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।
फरियादी 60 वर्षीय संतोष सिंह तोमर के अनुसार जमीन से जुड़े विवाद के बीच उन्हें पहले फोन पर धमकियां दी गईं। इसके बाद 10 सितंबर की दरमियानी रात करीब ढाई बजे एक चार पहिया वाहन से आधा दर्जन से अधिक लोग उनके घर पहुंचे और गेट के बाहर फायरिंग कर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। कारोबारी ने गांव में रहने वाले लखन मारण पर संदेह जताया है।
फरियादी पक्ष द्वारा जारी किए गए छह कथित ऑडियो में एक व्यक्ति गाली-गलौज करते हुए भोपाल में काम नहीं करने की धमकी देता सुनाई दे रहा है। बातचीत में वह जमीन से जुड़े विवाद का हवाला देते हुए फरियादी को चुनौती देता है और खुद को सौरभ चौहान बताता है। वह ग्वालियर से जमीन का काम करने के लिए आने की बात भी कहता है।
फायरिंग के बाद रात करीब 2.55 बजे डायल-112 को सूचना दी गई। फरियादी पक्ष के अनुसार करीब 3.30 बजे वे रातीबड़ थाने पहुंच गए थे। इसके बावजूद मामला अगले दिन 11 सितंबर शाम करीब पांच बजे दर्ज किया गया। दर्ज प्रकरण में फिलहाल किसी आरोपी को नामजद नहीं किया गया है। मामले में वाहन क्रमांक एमपी 13 जेडडी 5656 का उल्लेख किया गया है। फरियादी पक्ष ने पुलिस आयुक्त कार्यालय में भी शिकायत की है।
तोमर का आरोप है कि गोरेगांव में कथित अवैध प्लॉटिंग की शिकायत करने के बाद से उनका लखन मारण से विवाद चल रहा था। उनका दावा है कि इसी विवाद के चलते पहले उन्हें धमकियां दी गईं और बाद में उनके घर के बाहर फायरिंग की गई।
पुलिस अब जमीन संबंधी शिकायत, धमकी के कथित ऑडियो, फायरिंग और चार पहिया वाहन की गतिविधियों को लेकर जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फायरिंग से पहले किन लोगों से संपर्क हुआ और वारदात के बाद किन लोगों ने फरियादी से बातचीत की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित