फिरोजाबाद , सितम्बर 30 -- फिरोजाबाद जिले की सिरसागंज पुलिस ने बुधवार को सिरसागेट कॉलोनी में मठ मंदिर के पास एक मकान में छापा मारकर पुलिस ने करीब आठ क्विंटल अवैध पटाखे बरामद किए। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत 3.10 लाख रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मकान की चेकिंग की। तलाशी के दौरान 24 बॉक्स और दो प्लास्टिक के बोरों में पटाखे रखे मिले। पुलिस के मुताबिक इनका कुल वजन करीब आठ क्विंटल है।

पुलिस टीम को देखकर भंडारणकर्ता टिंकल जैन उर्फ मुकेश पुत्र विनोद कुमार जैन निवासी सिरसा खास भाग निकला। पुलिस ने बरामदगी के संबंध में उसके खिलाफ थाना सिरसागंज में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 4/9बी के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित