कौशांबी , सितंबर 1 -- उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सोमवार को पिपरी थाना क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट के मामले में ड्यूटी में लापरवाही और उदासीनता पाए जाने पर पांच पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने सोमवार देर रात पिपरी थाना प्रभारी विकास सिंह तथा उपनिरीक्षक अमित द्विवेदी और मनीष पाल को लाइन हाजिर कर दिया। वहीं, पिपरी थाने में तैनात हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार और आरक्षी कृष्ण कुमार को निलंबित कर दिया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, अवैध रूप से पटाखा फैक्ट्री के संचालन और उसमें हुए विस्फोट के मामले में पुलिसकर्मियों की भूमिका और ड्यूटी में बरती गई लापरवाही की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित