अलवर , जुलाई 25 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के कोटकासिम थाना क्षेत्र में मसवासी गांव में शुक्रवार को अवैध निर्माण का विरोध करने पर एक बुजुर्ग दंपती पर परिवार के ही लोगों ने धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों काे अलवर के राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

सूत्रों ने शनिवार को बताया कि कल शाम करीब पांच बजे महेंद्र और उनकी पत्नी बाला के खेत पर उनके ही परिवार के लोग पक्की दीवार का निर्माण कर रहे थे। महेंद्र और उनकी पत्नी ने निर्माण कार्य का विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया।

हमले में महेंद्र और बाला गंभीर रूप से घायल हो गये। लोगों ने दोनों को कोटकासिम राजकीय अस्पताल पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अलवर के राजकीय अस्पताल भेज दिया गया।

घटना के बाद गांव में तनाव व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित