हल्द्वानी , जून 12 -- उत्तराखंड की हल्द्वानी में पुलिस ने शुक्रवार को ऑपरेशन प्रहार के तहत उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति को अवैध हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 12 बोर का एक तमंचा और दो कारतूस बरामद किये गये हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जिले में नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गयी। प्राप्त जानकारी के अनुसार मुखानी पुलिस की ओर से पूरनपुर मोड़ के पास जंगल की ओर जाने वाली सड़क पर आरटीओ चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक दीपा जोशी और उनकी टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उसके पास से एक 12 बोर तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान वीरपाल यादव (40) ग्राम ढकिया खैरूद्दीन, सेमीखेड़ा, गन्ना चीनी मिल के पास, नवाबगंज, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। आरोपी वर्तमान में कान्हा विहार, मुखानी, हल्द्वानी में रहता है।
आरोपी के खिलाफ थाना मुखानी में शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है और वैधानिक कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित