भोपाल , फरवरी 7 -- मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशभर में अवैध गौवंश एवं पशु तस्करी के विरुद्ध सघन अभियान चलाते हुए उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। पुलिस की सक्रिय, समन्वित एवं तकनीकी रूप से सशक्त कार्रवाई के परिणामस्वरूप विगत सात दिनों में 141 गौवंश एवं अन्य पशुओं को सुरक्षित मुक्त कराया गया है। तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को भी जब्त किया गया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार छतरपुर जिले के थाना नौगांव क्षेत्र में सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए फोरलेन हाईवे पर एक संदिग्ध 16 चक्का ट्रक को घेराबंदी कर रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक में क्षमता से अधिक 45 मवेशी भरे पाए गए। इस प्रकरण में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

अनूपपुर जिले के थाना कोतमा क्षेत्र में पुलिस ने एक ट्रक से 22 भैंस एवं पाड़ा बरामद किए। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा एवं दो जिंदा कारतूस भी जप्त किए गए हैं। जप्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 26 लाख रुपये बताई गई है।

सिवनी जिले के थाना कोतवाली क्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने एक कंटेनर वाहन को जब्त कर उसमें अवैध रूप से ले जाए जा रहे 27 गौवंश को मुक्त कराया। इसी तरह एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने एक वाहन से 39 गौवंश को भी तस्करों से मुक्त कराया।

खरगोन जिले में पुलिस ने दो अलग-अलग प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए चार गौवंश को मुक्त कराया। वहीं उमरिया जिले में पुलिस ने एक पिकअप वाहन को जब्त कर चार मवेशियों (भैंस एवं पाड़ा) को तस्करों से मुक्त कराया। इन सभी मामलों में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।

मध्यप्रदेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गौवंश एवं अन्य पशुओं की तस्करी में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। यह कार्रवाई न केवल गौवंश संरक्षण बल्कि पशु क्रूरता की रोकथाम और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित