बैतूल , जुलाई 3 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खनिज विभाग ने आमला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए गिट्टी के अवैध परिवहन में संलिप्त एक डंपर और एक ट्रैक्टर जब्त किया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निर्देश पर जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन एवं खनिज भंडारण के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खनिज विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान आमला नगरीय क्षेत्र में बिना वैध अनुमति गिट्टी का परिवहन करते पाए जाने पर डंपर क्रमांक एमपी-48-एच-5174 तथा पावरटेक ट्रैक्टर क्रमांक एमपी-48-जेडई-2082 को जब्त कर लिया गया।
खनिज विभाग ने दोनों वाहनों को आमला थाना पुलिस की अभिरक्षा में खड़ा कराया है। संबंधित परिवहनकर्ताओं के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई के लिए अपर कलेक्टर बैतूल की अदालत में प्रस्तुत किया जाएगा। प्रशासन ने कहा है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित