बैतूल , जुलाई 31 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में अवैध खनिज परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत खनिज विभाग ने आठनेर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे तीन ट्रैक्टर जब्त किए हैं। जब्त वाहनों को पुलिस अभिरक्षा में रखकर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए जा रहे हैं।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निर्देश पर जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए नियमित निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 30 जुलाई को सहायक खनि अधिकारी के नेतृत्व में खनिज विभाग के अमले ने आठनेर क्षेत्र का आकस्मिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान ग्राम बोरपानी के पास गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए तीन वाहन पकड़े गए। इनमें ट्रैक्टर क्रमांक एमपी-48-जेडबी-7670 तथा दो स्वराज ट्रैक्टर शामिल हैं, जिन पर पंजीयन क्रमांक अंकित नहीं था। सभी वाहनों को वैधानिक कार्रवाई के बाद पुलिस थाना आठनेर की अभिरक्षा में रखा गया है।

खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वाहन संचालकों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। मामलों को अग्रिम कार्रवाई के लिए अपर कलेक्टर, बैतूल की अदालत में प्रस्तुत किया जाएगा।

प्रशासन ने कहा कि जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। खनिज विभाग ने लोगों से खनिजों का उत्खनन एवं परिवहन केवल वैध अनुमति और निर्धारित नियमों के अनुसार करने तथा अवैध गतिविधियों की जानकारी प्रशासन को देने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित