बैतूल , जुलाई 13 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में अवैध खनन और गौण खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खनिज विभाग ने ओवरलोड एवं अवैध रूप से गिट्टी का परिवहन कर रहे तीन वाहनों को जब्त किया है। सभी मामलों में नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किए जा रहे हैं।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निर्देश पर जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध लगातार अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में खनिज विभाग के अमले ने विभिन्न क्षेत्रों में आकस्मिक निरीक्षण कर कार्रवाई की। विभाग के अनुसार 12 जुलाई को घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान गिट्टी का ओवरलोड परिवहन करते पाए जाने पर डंपर क्रमांक एमपी-04-एचई-6837 को जब्त कर पुलिस थाना घोड़ाडोंगरी की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया।

इसके बाद 13 जुलाई को तहसील बैतूल के ग्राम खेड़ीसांवलीगढ़ के समीप निरीक्षण के दौरान गिट्टी का अवैध परिवहन कर रही दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर कार्रवाई की गई। इनमें जॉन डियर ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक एमपी-47-एम-1882 तथा सोनालिका ट्रैक्टर-ट्रॉली (इंजन क्रमांक डीजेडएडीएल-164729853) शामिल हैं। दोनों वाहनों को जब्त कर पुलिस चौकी खेड़ीसांवलीगढ़ की अभिरक्षा में रखा गया है।

खनिज विभाग ने बताया कि जब्त वाहनों के संचालकों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत कार्रवाई की जा रही है। संबंधित प्रकरण तैयार कर अपर कलेक्टर न्यायालय, बैतूल में प्रस्तुत किए जा रहे हैं। प्रशासन ने कहा है कि जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित