भीलवाड़ा , फरवरी 17 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के कोटड़ी थाना क्षेत्र में अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ पुलिस और जिला विशेष दल (डीएसटी) ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए अवैध गार्नेट के खनन में लिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
भारतीय पुलिस सेवा के प्रशिक्षु माधव उपाध्याय ने मंगलवार को बताया कि क्षेत्र के हरपुरा और रीठ इलाकों में लंबे समय से अवैध गार्नेट खनन की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए पुलिस के विशेष दलों का गठन किया गया और चिह्नित स्थानों पर अचानक दबिश दी गयी।
उन्होंने बताया कि पुलिस दल ने मौके से अवैध खनन में इस्तेमाल हो रहे 12 ट्रैक्टर और 11 सेपरेटर मशीनें जब्त की हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध गार्नेट के कारोबार में लिप्त दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित