बैतूल , अगस्त 08 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में अवैध खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खनिज विभाग ने भैंसदेही क्षेत्र के थपोड़ा में कार्रवाई करते हुए मुरूम और गिट्टी के अवैध परिवहन में संलिप्त दो वाहनों को जब्त किया है।

कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निर्देश पर जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर निगरानी बढ़ाई गई है। इसी क्रम में सात अगस्त को खनिज विभाग बैतूल के अमले ने भैंसदेही क्षेत्र के थपोड़ा में आकस्मिक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मुक्तागिरी मार्ग पर ग्राम थपोड़ा के समीप खनिज विभाग की टीम ने एक डंपर को रोककर जांच की। जांच में डंपर क्रमांक एमएच 29 टी 1200 में मुरूम का अवैध परिवहन पाया गया। इसी दौरान खनिज गिट्टी का परिवहन कर रहे ट्रैक्टर को भी पकड़ा गया। दोनों वाहनों को खनिज नियमों के तहत जब्त कर लिया गया।

खनिज विभाग के अनुसार जब्त किए गए वाहनों से संबंधित परिवहनकर्ताओं के खिलाफ मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है। प्रकरणों को आवश्यक कार्रवाई के लिए न्यायालय अपर कलेक्टर, बैतूल के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध खनिज गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विशेष रूप से ऐसे क्षेत्रों में आकस्मिक निरीक्षण किए जा रहे हैं, जहां से मुरूम, गिट्टी सहित अन्य खनिजों के अवैध उत्खनन अथवा परिवहन की शिकायतें सामने आती हैं।

प्रशासन की कार्रवाई से अवैध खनन और परिवहन में लगे लोगों में हड़कंप की स्थिति है। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन कर खनिजों का परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित