रायपुर , सितंबर 12 -- छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले में सीएम हेल्पलाइन पर मिली शिकायतों के आधार पर खनिज विभाग ने अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार ट्रैक्टर और एक हाईवा जब्त किया है।

खनिज विभाग से आज शाम मिली जानकारी के अनुसार सिवनी क्षेत्र में रेत के अवैध परिवहन में लगे दो ट्रैक्टर जब्त किए गए। इसके अलावा मजगवां से एक ट्रैक्टर, पड़वनिया से मिट्टी (ईंट) के अवैध परिवहन में संलिप्त एक ट्रैक्टर तथा पकरिया से गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे एक हाईवा को जब्त किया गया।

जब्त वाहनों में दो ट्रैक्टर सिवनी चौकी तथा दो ट्रैक्टर और एक हाईवा अमरपुर पुलिस लाइन में सुरक्षित रखे गए हैं। वाहन मालिकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

जिला प्रशासन के मुताबिक सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की जांच के बाद खनिज विभाग ने मौके पर कार्रवाई की। कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को हेल्पलाइन पर मिलने वाली शिकायतों की गुणवत्तापूर्ण जांच, समयबद्ध कार्रवाई और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

खनिज विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध खनन, उत्खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। ऐसे मामलों की निगरानी के साथ प्राप्त शिकायतों की जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित