भरतपुर , अक्टूबर 12 -- राजस्थान में भरतपुर जिले के बयाना उपखंड के अगावली गांव में क्रेशर संचालन और पहाड़ों में भारी विस्फोटों के खिलाफ सोमवार को ग्रामीणों ने क्रेशर संयंत्र को बंद कराने की मांग को लेकर बीच सड़क पर प्रदर्शन किया।

ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से चल रहे अवैध खनन और तेज धमाकों से गांव के रास्ते बंद हो गये हैं और विस्फोटों के तेज धमाकों से मकानों की दीवारों में दरारें आ गयी है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से ग्रामीणों की तीखी नोकझोंक भी हुई।

ग्रामीणों के अनुसार मौके पर पहुंचे लीज मालिक द्वारा पुलिस की मौजूदगी में भी पीड़ितों को धमकाया गया था। इससे नाराज होकर ग्रामीणों द्वारा प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गयी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच करके अवैध क्रेशर और विस्फोटों पर तुरंत कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस रास्ता खुलवाने और प्रदर्शनकारियों को शांत करने के प्रयास कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित