मऊ , जुलाई 21 -- उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है।
जिलाधिकारी आनंद वर्धन के निर्देश पर संचालित विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत जून माह तथा 1 से 15 जुलाई तक कुल 156 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 29.26 लाख रुपये की वसूली की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, बिना वैध प्रपत्र परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
खान निरीक्षक पुनाराम अहाके के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान खनिजों का परिवहन कर रहे वाहनों के वैध प्रपत्र, ओवरलोडिंग तथा बिना नंबर वाले वाहनों की गहन जांच की गई। जांच में अनियमितता मिलने पर संबंधित वाहन स्वामियों के खिलाफ नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई की गई।
प्रशासन के अनुसार, जून माह में कुल 133 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इनमें बिना वैध प्रपत्र के खनिज परिवहन करने वाले वाहनों से 13.45 लाख रुपये तथा ओवरलोड वाहनों से 5.64 लाख रुपये की वसूली की गई। इस प्रकार जून में कुल 19.09 लाख रुपये का राजस्व वसूला गया।
वहीं 1 जुलाई से 15 जुलाई के बीच अभियान जारी रखते हुए 23 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस अवधि में बिना वैध प्रपत्र वाले वाहनों से 8.65 लाख रुपये तथा ओवरलोड वाहनों से 1.52 लाख रुपये की वसूली की गई। जुलाई के पहले पंद्रह दिनों में कुल 10.17 लाख रुपये राजस्व प्राप्त हुआ।
दोनों अवधियों को मिलाकर अब तक 156 वाहनों पर कार्रवाई की जा चुकी है। इनमें बिना वैध प्रपत्र संचालित वाहनों से कुल 22.10 लाख रुपये तथा ओवरलोड वाहनों से 7.16 लाख रुपये की वसूली हुई है। इस प्रकार कुल वसूली 29.26 लाख रुपये तक पहुंच गई है।
जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नियमित रूप से प्रवर्तन अभियान चलाया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन वाहन स्वामियों द्वारा चालान जमा नहीं किया जाता, उनके वाहनों को नियमानुसार ब्लैकलिस्ट किया जाए। इस संबंध में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित