भरतपुर , मई 17 -- राजस्थान के करौली में राजस्थान-मध्य प्रदेश सीमा पर चंबल नदी क्षेत्र के करणपुर थाना क्षेत्र में गोटाघाट से अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ रविवार को पुलिस एवं वन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नदी क्षेत्र से जुड़े घाटों पर जेसीबी मशीनों की मदद से गहरी खाइयां खुदवाई।

भरतपुर संभाग के करौली एवं धौलपुर जिलों में चंबल नदी क्षेत्र में अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ उच्चतम न्यायालय द्वारा नाराजगी जताने एवं इस संबंध में नए आदेश जारी किये जाने के बाद पुलिस प्रशासन एवं वन विभाग में सतर्क है।

उच्चतम न्यायालय के नए दिशा निर्देशों के मद्देनजर राजस्थान से मध्य प्रदेश की ओर बड़े पैमाने पर हो रही बजरी तस्करी की सूचना पर पुलिस दल ने पैदल ही चंबल नदी पार करके मध्य प्रदेश सीमा तक पहुंचकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। इस बीच बजरी माफिया अपने वाहन और उपकरण छोड़कर मौके से फरार हो गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित