सोनीपत , जुलाई 10 -- हरियाणा के सोनीपत जिले में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची खान एवं भूविज्ञान विभाग की प्रवर्तन टीम पर कथित तौर पर खनन माफिया ने हमला कर दिया। आरोपियों पर अधिकारियों के साथ मारपीट, मोबाइल फोन छीनने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। सहायक खनन अभियंता की शिकायत पर सेक्टर-27 थाना पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सहायक खनन अभियंता चंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि ओपी जिंदल ग्लोबल सिटी स्थित प्लॉट नंबर बी-112 पर निरीक्षण के दौरान बिना वैध अनुमति के मिट्टी की खुदाई की जा रही थी। मौके पर करीब 204 मीट्रिक टन मिट्टी की अवैध खुदाई पाए जाने का अनुमान लगाया गया। विभाग ने दो ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक जेसीबी मशीन जब्त कर आरटीए पार्किंग यार्ड में खड़ी करवा दी तथा भूखंड मालिक को जुर्माना नोटिस जारी किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित