चंडीगढ़/अमृतसर/लुधियाना , अक्टूबर 07 -- पंजाब के खनन एवं भू-विज्ञान मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने बुधवार कोबताया कि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमों ने अमृतसर के कोट सिद्धू तथा लुधियाना के सिद्धवां बेट क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई की है।
उन्होंने बताया कि राज्य में छह अक्टूबर तक अवैध खनन के मामलों में 247 प्राथमिकी दर्ज की गयी हैं और 598 चालान जारी किए गए हैं।
श्री गोयल ने बताया कि अमृतसर जिले के लोपोके तहसील के कोट सिद्धू गांव में देर रात छापेमारी के दौरान अवैध रेत खनन का मामला सामने आया। मौके पर तीन जेसीबी मशीनों और सात टिपरों की पहचान की गयी। मामले में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21(1) के तहत भिंडी सैदां थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मशीनों, वाहनों और जमीन मालिकों की पहचान के लिए जांच जारी है।
इसी तरह सिद्धवां बेट क्षेत्र में रेत से लदे एक बिना नंबर के टिपर को रोककर जांच की गई। खनन विभाग ने वाहन को पुलिस के हवाले कर दिया और छह अक्टूबर को सिद्धवां बेट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।
मंत्री के अनुसार, राज्यभर में इन मामलों में 7.92 करोड़ रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया है, जिसमें से 7.69 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली हो चुकी है। उन्होंने बताया कि गुरदासपुर में सर्वाधिक 55 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं, जबकि श्री आनंदपुर साहिब में 32, एसएएस नगर में 27, होशियारपुर में 20, अमृतसर में 16 और पठानकोट में पांच प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पठानकोट में लगाए गए 176.89 लाख रुपये का पूरा जुर्माना वसूल किया जा चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित