मुरैना , मार्च 24 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिला पुलिस द्वारा अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आज पांच आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच ट्रैक्टर ट्रालियां जप्त की हैं।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस अधीक्षक समीर सौरभ ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि रेत और पत्थर माफिया के लोग अवैध खनन और परिवहन करते हुए पाए जाएं तो उन्हें तत्काल गिरफ्तार कर ट्रैक्टर ट्रालियों को जप्त किया जाए। जिले के विभिन्न थाना पुलिस द्वारा चलाए गए अभियान के परिणामस्वरूप आज पांच ट्रैक्टर ट्रालियों को रेत और पत्थर का अवैध परिवहन करते हुए रंगे हाथ पकड़ा और पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र प्रताप सिंह डावर ने बताया कि ये अभियान आगे भी जारी रहेगा जिससे अवैध खनन और परिवहन पर अंकुश लगेगा।

बताया गया है कि यह अभियान खनन माफिया द्वारा पुलिस और वन अमले पर कार्रवाई के दौरान किए गए हमलों के बाद तेज किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित