बैतूल, 01अप्रैल (वार्ता) मध्यप्रदेश के बैतूल शहर में बढ़ते अवैध अतिक्रमण और बिगड़ती यातायात व्यवस्था को लेकर नगर पालिका प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी नवनीत पाण्डेय के निर्देश पर अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष दस्ता गठित किया गया है, जो तत्काल प्रभाव से कार्रवाई शुरू करेगा।
नगर पालिका के अनुसार सड़कों, फुटपाथों और शासकीय भूमि पर बढ़ते कब्जों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। कई प्रमुख मार्गों पर लोगों का आवागमन भी मुश्किल हो गया है। ऐसे में प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के साथ जब्ती और अर्थदंड की कार्रवाई का निर्णय लिया है।
इस अभियान की निगरानी के लिए राजस्व निरीक्षक ब्रजगोपाल परते को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उनके नेतृत्व में गठित टीम शहर के विभिन्न क्षेत्रों का नियमित निरीक्षण कर अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करेगी। सहायक राजस्व निरीक्षक मदन लाल विन्नोदकर को दल प्रभारी नियुक्त किया गया है, जबकि अन्य कर्मचारियों को भी दस्ते में शामिल किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित