मैनपुरी , अक्टूबर 10 -- मैनपुरी के जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने निर्देश दिए हैं कि अवैध कब्जे की शिकायत करने वालों को डराने-धमकाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई कर भारी मुचलके में पाबंद किया जाए। किसी भी दबंग को गरीब और कमजोर व्यक्ति की भूमि पर अवैध कब्जा नहीं करने दिया जाए। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा ने शनिवार को थाना समाधान दिवस पर औंछा थाने में जनशिकायतें सुनीं। इस दौरान उन्होंने राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों को भूमि विवादों के मामलों में संवेदनशीलता से कार्रवाई करने तथा शिकायत मिलते ही संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यथासंभव शिकायतों का निस्तारण उसी दिन किया जाए, ताकि फरियादियों को तत्काल राहत मिल सके।

डीएम ने अवैध कब्जों की शिकायतें लगातार मिलने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कब्जा हटाने की कार्रवाई के बावजूद ऐसी शिकायतें मिलना राजस्व कर्मियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने लेखपालों और राजस्व कर्मियों को अपने क्षेत्रों में अवैध कब्जों के मामलों में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस या मिशन समाधान के तहत कब्जा हटवाने अथवा पक्की पैमाइश के बाद लगाई गई मुड्डी को यदि कोई तोड़ता है, तो ऐसे व्यक्तियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

थाना समाधान दिवस में नगला कंचन के फरीदन ने गाटा संख्या 558 पर जबरन कब्जे और जान से मारने की धमकी देने, छतारी की अनीता ने पैमाइश के बाद भी खेती में बाधा डालने तथा विक्रमपुर की प्रीती कठेरिया ने भूमि पर अवैध कब्जे और धमकी देने की शिकायत की। इसके अलावा नगला मोती के नवीश चंद्र ने गाटा संख्या 938, ईकरी के शिववीर सिंह ने गाटा संख्या 823 और नगला अंधरा के पृथ्वीराज सिंह ने गाटा संख्या 171 से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की। किचौरा के माताराम ने पट्टे की भूमि की पैमाइश कराकर कब्जा दिलाने का अनुरोध किया।

जिलाधिकारी ने इन शिकायतों पर तहसीलदार और थानाध्यक्ष के निर्देशन में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीमें गठित कर उसी दिन मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

इस दौरान क्षेत्राधिकारी कुरावली, तहसीलदार कुरावली, प्रभारी निरीक्षक औंछा, राजस्व निरीक्षक और लेखपाल सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित