पांढुर्णा , अगस्त 19 -- मध्यप्रदेश के पांढुर्णा जिले के मोहगांव क्षेत्र के भुम्मा गांव में कथित रूप से चल रहे अवैध कच्ची शराब के कारोबार के खिलाफ बुधवार को ग्रामीण महिलाओं ने मोर्चा खोल दिया। बड़ी संख्या में महिलाएं शिकायत लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं और शराब बनाने तथा बेचने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।

महिलाओं ने आरोप लगाया कि मोहगांव पुलिस और आबकारी विभाग को कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। उनका कहना है कि गांव के आसपास कथित रूप से शराब बनाने और बेचने के ठिकाने संचालित हो रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

शिकायत लेकर पहुंचीं हीरावती धुर्वे, बबीता कड़वे और लीला कवदेती सहित अन्य महिलाओं ने बताया कि गांव में लंबे समय से अवैध शराब कारोबार की जानकारी पुलिस और आबकारी विभाग को दी जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से शराब के ठिकानों पर दबिश देकर कार्रवाई करने की मांग भी की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।

महिलाओं ने प्रशासन से भुम्मा गांव और आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब बनाने और बेचने वाले संभावित ठिकानों की जांच कराने तथा शराब निर्माण में इस्तेमाल सामग्री और अन्य सामान जब्त कर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की।

ग्रामीण महिलाओं ने अपनी शिकायत अपर कलेक्टर ज्योति ठाकुर के समक्ष रखी। उन्होंने महिलाओं की बात सुनने के बाद संबंधित विभाग को शिकायत के आधार पर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद महिलाओं ने उम्मीद जताई कि प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित