बांका , अक्टूबर 14 -- बिहार के बांका जिले में एक सीमेंट कंपनी की जमीन पर कथित अवैध उत्खनन के मामले में जनता दल यूनाइटेड (जदयू) सांसद गिरधारी यादव के भाई लालधारी यादव समेत चार आरोपियों को अदालत से जमानत मिल गई है।

सूत्रों के अनुसार, जिले में अल्ट्राटेक सीमेंट कंपनी की अधिकृत जमीन पर कथित अवैध उत्खनन को लेकर कंपनी के निदेशक अनिल कुमार सिंह की शिकायत पर ओढ़नी डैम थाने में मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में सांसद के भाई एवं प्रिंस कंस्ट्रक्शन कंपनी के संवेदक लालधारी यादव, जदयू के वरिष्ठ नेता ओंकार यादव, परमेश्वर ठाकुर और धनेश्वर यादव को आरोपी बनाया गया था।

सूत्रों ने बताया कि मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके आवासों एवं अन्य संभावित ठिकानों पर कई बार छापेमारी की थी। इस दौरान आरोपियों के राज्य से बाहर चले जाने की बात सामने आई थी। पुलिस ने सांसद गिरधारी यादव के आवास पर भी छापेमारी की थी।

इस बीच, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सत्य प्रकाश आर्य की अदालत ने चारों आरोपियों की अग्रिम जमानत याचिका स्वीकार कर ली। इसके बाद बुधवार को सभी आरोपियों ने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह की अदालत में आत्मसमर्पण किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित