दांबुला , जून 19 -- अविष्का फर्नांडो (110) और निरोशन डिकवेला (66) की शानदार पारियों की मदद से श्रीलंका ने शुक्रवार को त्रिकोणीय श्रृंखला छठे मुकाबले में अफगानिस्तान ए को 103 रन से हराकर फ़ाइनल में प्रवेश कर लिया जहाँ उसका मुकाबला रविवार को भारत ए से होगा।

श्रीलंका ए ने आठ विकेट पर 322 रनों का विशाल स्कोर बनाने के बाद अफगानिस्तानी टीम को 42.5 ओवर में 219 रन पर समेट दिया। अविष्का फर्नांडो को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला। अफगानिस्तान ए की तरफ से ओपनर हसन इसाखिल ने सर्वाधिक 74 रन बनाये। फ़रमानउल्लाह साफ़ी ने 43 और बाहिर शाह ने 35 रन का योगदान दिया। श्रीलंका ए की तरफ से दुलाज समुदिता ने 25 रन देकर पांच विकेट झटके। कुगादास मतुलन को 38 रन पर तीन विकेट मिले।

इससे पहले अफगानिस्तान ए टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका ए के लिए अविष्का फर्नांडो और निरोशन डिकवेला की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 133 रन जोड़कर अपनी टीम को मजबूत शुरुआत दी। 17वें ओवर में फरीदून दावूदजई ने निरोशन डिकवेला को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। निरोशन डिकवेला ने 54 गेंदों में 12 चौके लगाते हुए (66) रन बनाये। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये नुवानिदु फर्नांडो ने अविष्का फर्नांडो के साथ दूसरे विकेट के लिए 93 रन जोड़कर बड़े स्कोर की नींव रखी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित