फर्रुखाबाद , मई 23 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में जगद्गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के नेतृत्व में आगामी चार जून को गौ रक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा पहुंचेगी। यह जानकारी शनिवार को शहर के एक रेस्टोरेंट में आयोजित गौ रक्षा धर्मयुद्ध यात्रा समिति की बैठक एवं प्रेसवार्ता में कानपुर मंडल संयोजक शेषनारायण त्रिवेदी ने दी। उन्होंने बताया कि उत्तराम्नाय ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती 1008 महाराज के नेतृत्व में 3 मई 2026 से पूरे उत्तर प्रदेश में गौ रक्षार्थ धर्मयुद्ध यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा का मुख्य उद्देश्य गौ माता को राष्ट्रमाता एवं राज्य माता घोषित कराना तथा गौवध पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कराना है।
उन्होंने बताया कि यात्रा 4 जून को फर्रुखाबाद जिले में प्रवेश करेगी और अमृतपुर, कायमगंज, भोजपुर तथा सदर विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण करेगी। यात्रा की व्यवस्थाओं के लिए विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। अंकित तिवारी को जिला संयोजक तथा डॉ. दीपक द्विवेदी एडवोकेट को जिला सह संयोजक बनाया गया है। वहीं विधानसभा स्तर पर भोजपुर के लिए राजेश मिश्रा, सदर के लिए रानू शुक्ला, अमृतपुर के लिए अनमोल पांडेय तथा कायमगंज के लिए गौरव मिश्र को संयोजक नियुक्त किया गया है।
प्रेसवार्ता में बताया गया कि यात्रा कन्नौज जिले की छिबरामऊ विधानसभा से फर्रुखाबाद जिले की भोजपुर विधानसभा में प्रवेश करेगी, जहां जगद्गुरु शंकराचार्य का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद यात्रा जहानगंज, बघार नाला तिराहा, शिवशक्ति मंदिर, सेंट्रल जेल चौराहा, छोटी जेल, फतेहगढ़, भोलेपुर, बढ़पुर और लालदरवाजा होते हुए फर्रुखाबाद नगर पहुंचेगी।
यात्रा के दौरान तिकोना चौकी और बीबीगंज से होते हुए महाभारतकालीन गुरगांव देवी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं से संवाद किया जाएगा। इसके बाद यात्रा रोशनाबाद, शमसाबाद, फैजबाग और नवाबगंज होते हुए मोहम्मदाबाद स्थित दुबे कोल्ड स्टोरेज पहुंचेगी, जहां सभा और रात्रि विश्राम का कार्यक्रम होगा।
प्रेसवार्ता में कानपुर मंडल संयोजक शेषनारायण त्रिवेदी, जिला संयोजक अंकित तिवारी, डॉ. दीपक द्विवेदी, राजेश मिश्रा, रानू शुक्ला और गौरव मिश्र सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित