श्रीनगर , मई 18 -- अवामी इत्तेहाद पार्टी (एआईपी) ने सांसद अब्दुल राशिद शेख उर्फ इंजीनियर रशीद के पिता हाजी खाजिर मोहम्मद शेख के नयी दिल्ली में निधन के बाद सोमवार को मानवीय आधार पर उनकी तत्काल रिहाई की मांग की।
एआईपी के मुख्य प्रवक्ता इनाम उन नबी ने गहरा दुख और शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत हाजी खाजिर मोहम्मद शेख को एक वरिष्ठ शिक्षक, नेक आत्मा और व्यापक रूप से सम्मानित व्यक्तित्व बताया, जिन्होंने अपना जीवन शिक्षा, नैतिकता और सामाजिक मूल्यों के लिए समर्पित किया।
उन्होंने कहा, "हाजी खाजिर साहिब इंजीनियर रशीद की राजनीतिक और सामाजिक यात्रा में हमेशा एक मजबूत स्तंभ की तरह उनके साथ खड़े रहे और अपनी सादगी, विवेक तथा विनम्रता के लिए लोगों में अत्यंत सम्मानित थे।"श्री इनाम ने केन्द्र सरकार और संबंधित अधिकारियों से भावुक अपील करते हुए कहा कि जेल में बंद सांसद को तत्काल रिहा किया जाए ताकि वह अपने पिता की नमाज-ए-जनाजा और अंतिम संस्कार में शामिल हो सकें।
उन्होंने कहा, "किसी बेटे के लिए इससे बड़ा दुख नहीं हो सकता कि वह अपने पिता को अंतिम विदाई देने से भी वंचित रह जाए।" उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत त्रासदी के ऐसे क्षणों में राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित