हैदराबाद , मई 11 -- तेलंगाना में अल्लू सिनेमाज, कोकापेट (नरसिंगी) और फ्रेयर एनर्जी ने सिनेमा हॉल में 2.27 करोड़ रुपये के निवेश से 727 किलोवाट का सौर ऊर्जा प्रणाली लगाने के लिए साझेदारी की है। यह इस इलाके के किसी सिनेमा उद्योग के लिए सबसे बड़े सौर परियोजना में से एक है।

कंपनी ने सोमवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि इस सौर प्रणाली से सिनेमा की लगभग 60 प्रतिशत ऊर्जा जरूरतें पूरी होने और सालाना बिजली का खर्च लगभग 52 लाख रुपये से घटकर लगभग पांच लाख रुपये होने की उम्मीद है। इस परियोजना से सालाना लगभग 77-80 लाख रुपये की बचत होने का अनुमान है। इससे सालाना लगभग 750 टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन कम होने की भी उम्मीद है, जिससे मनोरंजन क्षेत्र में सतत विकास में मदद मिलेगी। सौर प्रणाली में सोलर पैनल की ऑटोमेटेड सफाई के लिए हाई-प्रेशर स्प्रिंकलर मैकेनिज्म लगा है, जिसका मकसद सबसे अच्छी क्षमता को सुनिश्चित करना और भाैतिक रखरखाव की जरूरतों को कम करना है।

फ्रेयर एनर्जी की सह-संस्थापक राधिका चौधरी ने कहा कि मूवी थिएटर के लिए सौर ऊर्जा अपनाना बहुत जरूरी होता जा रहा है क्योंकि सिनेमाघर एनर्जी-इंटेंसिव जगहें हैं और उनकी कार्यात्मक लागत भी अधिक होती है। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा अपनाने से पारंपरिक पावर ग्रिड पर निर्भरता कम करने में मदद मिलती है। इसके साथ ही बिजली का खर्च भी काफी कम होता है और सतत विकास के लक्ष्यों को पाने में मदद मिलती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित