अल्मोड़ा , जुलाई 27 -- उत्तराखंड के अल्मोड़ा में विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नवनियुक्त 42 सहायक अध्यापकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और भावी पीढ़ी के निर्माण की बड़ी जिम्मेदारी उनके कंधों पर है।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का लक्ष्य प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण, संस्कारयुक्त और रोजगारपरक शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।
डॉ. रावत ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में किसी भी सरकारी विद्यालय को बंद नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी गांव में केवल एक छात्र भी अध्ययनरत होगा, तो वहां भी विद्यालय का संचालन जारी रहेगा। दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के करीब 22 हजार विद्यालयों में शौचालयों के निर्माण और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास का कार्य किया जाएगा। इसके अलावा भिक्षावृत्ति जैसे कार्यों में संलग्न बच्चों के पुनर्वास और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम पर छात्रावास स्थापित किए गए हैं।
नवनियुक्त शिक्षकों से शिक्षा मंत्री ने अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने तक सीमित न रहें, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संस्कार और चरित्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत की आधारशिला है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित