अल्मोड़ा , जून 28 -- उत्तराखंड के अल्मोड़ा में ससुर की कथित हत्या के आरोप में पुलिस ने मृतक की बेटी और दामाद को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद दोनों आरोपी सैकड़ों किलोमीटर दूर भागकर जम्मू-कश्मीर के कटरा में छिप गए थे, जहां से पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
अल्मोड़ा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) चंद्रशेखर घोड़के ने रविवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि विगत 22 जून को ग्राम सैली, तापनी निवासी नारायण दत्त ने थाना दन्या में तहरीर देकर आरोप लगाया कि 20 जून की रात उनके पुत्र चन्द्रशेखर पर उसके दामाद धर्मवीर शर्मा और पुत्री जानकी पाण्डे ने दरांती से हमला किया। गंभीर रूप से घायल चन्द्रशेखर की उपचार के दौरान 21 जून को हल्द्वानी में मौत हो गई। मामले में थाना दन्या में हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों गठित की गई। पुलिस टीम ने दिल्ली, पंजाब और हरियाणा सहित कई राज्यों में तलाशी अभियान चलाया। करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की लोकेशन जम्मू-कश्मीर के कटरा में मिली। इसके बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से 26 जून को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर आज अल्मोड़ा लाया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक शादी से पहले अपनी पुत्री के साथ अत्याचार करता था, जिसके कारण दोनों उससे रंजिश रखते थे। पुलिस के अनुसार, दोनों ने करीब एक माह पहले हत्या की योजना बनाई थी। पैसे की व्यवस्था के लिए धर्मवीर ने अपनी सोने की अंगूठी तथा जानकी ने अपना मंगलसूत्र और कान के झुमके बेच दिए। इसके बाद 20-21 जून की रात कार से गांव पहुंचकर दरांती से हमला किया और मृतक को मरा समझकर फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दरांती और खून से सनी कमीज भी बरामद कर ली है। विवेचना के दौरान पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने पर मृतक की पत्नी को मामले में शामिल नहीं पाया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी धर्मवीर शर्मा के खिलाफ हरियाणा में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित