अल्मोड़ा , मई 19 -- उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के देघाट में पुलिस ने फार्च्यूनर कार से गांजा की तस्करी कर रहे दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार को जब्त कर लिया है।
अल्मोड़ा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) चंद्रशेखर घोड़के ने मंगलवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि सोमवार देर रात को देघाट के थानाध्यक्ष अजेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम द्वारा ग्राम उदयपुर डोभरी गधेरा के पास वाहनों की तलाशी अभियान चलाया था।
इसी दौरान पुलिस ने एक फॉर्च्यूनर कार रोककर उसकी तलाशी ली। कार की डिग्गी से तीन कट्टों में रखा हुआ 54.450 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित लागत 13.61 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों हिम्मत सिंह बोरा निवासी वार्ड नं0-9 प्राइमरी स्कूल के पास दुर्गापुरी, रामनगर जिला नैनीताल और भरत रावत निवासी नई बस्ती पुछड़ी, रामनगर जिला नैनीताल को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
दोनों के खिलाफ थाना देघाट में मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 8, 20, 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाईअमल में लाई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित