अल्मोड़ा , अगस्त 18 -- उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के क्वारब में बादल फटने की सूचना गलत और भ्रामक है। जिला प्रशासन गलत सूचना प्रसारित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में है।
अल्मोड़ा जिला प्रशासन की ओर से मंगलवार को जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर क्वारब क्षेत्र में बादल फटने की सूचना वायरल हो रही थी। प्रशासन की ओर से इस बात की पुष्टि करायी गई। सूचना असत्य और भ्रामक निकली। क्वारब में बादल फटने जैसी कोई घटना नहीं हुई है।
जिला प्रशासन ने भ्रामक सूचना प्रसारित करने वाली संबंधित सोशल मीडिया आईडी को चिह्नित किया है। आपदा के संबंध में गलत सूचना प्रसारित कर आमजन में भय और भ्रम की स्थिति पैदा करने का प्रयास किया गया है।
मामले में संबंधित के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सूचना की पुष्टि किए बिना उसे सोशल मीडिया पर साझा न करें। केवल जिला प्रशासन, मौसम विभाग और अन्य अधिकृत माध्यमों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि संवेदनशील परिस्थितियों में अफवाह अथवा अपुष्ट सूचना फैलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित