अल्मोड़ा , जून 28 -- उत्तराखंड पुलिस ने अल्डमोड़ा में हुई हत्या के बेटी और दामाद को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद दोनों आरोपी जम्मू-कश्मीर के कटरा में चले गये थे, जहां से पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
अल्मोड़ा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) चंद्रशेखर घोड़के ने रविवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि विगत 22 जून को सैलीनिवासी नारायण दत्त ने दन्या थाना में तहरीर देकर आरोप लगाया कि विगत 20 जून की रात उनके पुत्र चन्द्रशेखर पर उसके दामाद धर्मवीर शर्मा और चन्द्रशेखर की पुत्री जानकी पाण्डे ने दरांती से हमला किया। गंभीर रूप से घायल चन्द्रशेखर की उपचार के दौरान 21 जून को हल्द्वानी में मौत हो गयी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों गठित की गयी। पुलिस टीम ने दिल्ली, पंजाब और हरियाणा सहित कई राज्यों में तलाशी अभियान चलाया। करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गयी और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की लोकेशन जम्मू-कश्मीर के कटरा में मिली। इसके बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से 26 जून को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रांजिट रिमांड पर रविवार को अल्मोड़ा लाया गया।
उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक शादी से पहले अपनी पुत्री के साथ अत्याचार करता था, जिसके चलते दोनों उससे रंजिश रखते थे। पुलिस के अनुसार, दोनों ने करीब एक माह पहले हत्या की योजना बनायी थी। पैसे की व्यवस्था के लिए धर्मवीर ने अपनी सोने की अंगूठी तथा जानकी ने अपना मंगलसूत्र और कान के झुमके बेच दिए। इसके बाद 20-21 जून की रात कार से गांव पहुंचकर दरांती से हमला किया और मृतक को मरा समझकर फरार हो गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित