अल्मोड़ा , सितंबर 13 -- उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में रविवार को एक डंपर खाई में गिरने से चालक की दर्दनाक मौत हो गई। राज्य आपदा प्रबंधन बल (एसडीआरएफ) ने शव को बरामद कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह मोहन से लगभग 10 किलोमीटर पहले कुमेरिया डेन रिजॉर्ट के पास एक डंपर दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरा। इस हादसे में चालक लापता हो गया। थाना भतरौंजखान पुलिस की ओर से दुर्घटना की सूचना भिकियासैंण एसडीआरएफ को दी गई।

उप निरीक्षक सुंदर सिंह बोरा की एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और चालाक की तलाश शुरू की। एसडीआरएफ की टीम ने डंपर के चालक का शव गहरी खाई से बरामद किया। शव को बाहर निकालकर स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त डंपर में एक ही व्यक्ति सवार था, जिसकी हादसे में मौत हो गई। मृतक की पहचान जसवंत सिंह (36), निवासी ग्राम गजार, तहसील चौखुटिया, जिला अल्मोड़ा के रूप में हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित