अल्मोड़ा , जुलाई 27 -- उत्तराखंड की अल्मोड़ा पुलिस ने जिला बदर हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी बिना अनुमति जिले में प्रवेश कर लिया था। आरोपी के खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चंद्रशेखर घोडके के अनुसार अजीम अंसारी निवासी मल्ला दनिया, राजपुरा, कोतवाली अल्मोड़ा के आपराधिक इतिहास और संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट अल्मोड़ा की ओर से आरोपी को गुंडा नियंत्रण अधिनियम की धारा 2/3 के तहत छह माह के लिए जिला बदर के आदेश जारी किए थे।

आरोपी को विगत 17 जुलाई को अल्मोड़ा की सीमा से बाहर कर दिया गया था। साथ ही आरोपी को स्पष्ट चेतावनी दी गई थी कि वह छह माह तक सक्षम अनुमति के बिना अल्मोड़ा जिले की सीमा में प्रवेश नहीं करेगा।

श्री घोड़के के अनुसार इसके बावजूद आरोपी रविवार 26 जुलाई को बिना अनुमति अल्मोड़ा जिले में प्रवेश कर गया। अल्मोड़ा कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। यही नहीं आरोपी के खिलाफ कोतवाली में गुंडा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आनंद बल्लभ कश्मीरा, चौकी प्रभारी धारानौला, हेड कांस्टेबल शिवराज सिंह, कांस्टेबल कुशाल राम और होमगार्ड विनोद कुमार शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित