अल्मोड़ा , मई 13 -- उत्तराखंड के अल्मोड़ा में जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने और अपने दायित्व का निर्वहन नहीं करने के आरोप में एक कार्मिक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
अल्मोड़ा जिला प्रशासन की ओर से बुधवार को दी गई जानकारी के अनुसार जनगणना कार्यों की समीक्षा के दौरान सामने आया कि राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोकिलगांव में तैनात बलराम सिंह द्वारा अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन नहीं किया गया है। प्रशासन की ओर से उसे कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
तहसीलदार और जनगणना प्रभारी करिश्मा जोशी द्वारा जारी नोटिस में आरोपी को 24 घंटे के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। नोटिस में कहा गया है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण और समयबद्ध राष्ट्रीय कार्यक्रम में आवश्यक कार्य नहीं किए जाने से उनके द्वारा गंभीर लापरवाही बरती गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि के भीतर संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होने की स्थिति में जनगणना अधिनियम 1948 की धारा-11 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की ओर से कहा गया है कि जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता, उदासीनता अथवा लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी प्रगणकों एवं संबंधित कार्मिकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ करते हुए कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित