अल्मोड़ा , अप्रैल 08 -- उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-309ए (कनगाडछीना से अल्मोड़ा) के चौड़ीकरण के लिए अधिग्रहीत भूमि का मुआवजा जिला प्रशासन द्वारा जल्द भुगतान किया जाएगा। पारदर्शी प्रक्रिया के लिए प्रशासन ने व्यापक कदम उठाए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 गांवों के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं, जो गांव गांव जाकर प्रभावित लोगों का सत्यापन करेंगी।

अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र के अनुसार टीमें संबंधित गांवों में जाकर उन व्यक्तियों का सत्यापन करेंगी, जिनकी भूमि सड़क चौड़ीकरण के लिए अधिग्रहीत की गई है। साथ ही मुआवजा प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए प्रभावित काश्तकारों से बैंक पासबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड, भूमि अभिलेख, फोटो सहित अन्य जरूरी दस्तावेज एकत्र किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि प्रभावित लोगों को बिना किसी परेशानी के शीघ्र मुआवजा मिल सके और उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसके लिए ग्रामवार तिथियां निर्धारित करते हुए रोस्टर जारी किया गया है, जिसके अनुसार टीमें तय कार्यक्रम के तहत गांवों में कैंप लगाकर कार्य करेंगी।

जारी रोस्टर के अनुसार शैलगुंठ क्षेत्र के गांवों में नौ और 10 अप्रैल, पाखुडा क्षेत्र में 13 अप्रैल, भेटूली क्षेत्र में 15 अप्रैल, भैंसोडी क्षेत्र में 16 और 17 अप्रैल, अमखोली क्षेत्र में 21 से 23 अप्रैल तथा पांडेखोला शहरी क्षेत्र में 24 और 25 अप्रैल को कैंप आयोजित किए जाएंगे।

जिला प्रशासन ने सभी प्रभावित ग्रामीणों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करें, ताकि मुआवजा वितरण कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा किया जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित