अल्मोड़ा , अगस्त 04 -- उत्तराखंड के अल्मोड़ा में पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अल्मोड़ा कोतवाली प्रभारी योगेश चन्द्र उपाध्याय एवं एसओजी प्रभारी सुनील धानिक के नेतृत्व में सोमवार मध्यरात्रि को सिकुड़ा बैंड के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान कार की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई। मौके से चालक गौरव सिंह बिष्ट (28) निवासी ग्राम खेरदा, बजवाड़, अल्मोड़ा जिला को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ कोतवाली अल्मोड़ा में आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 24 बोतल अंग्रेजी रम, 84 बोतल अंग्रेजी व्हिस्की तथा 144 क्वार्टर अंग्रेजी व्हिस्की बरामद की है। तस्करी में इस्तेमाल की गई कार को भी सीज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित