अल्मोड़ा , मई 18 -- उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिला योजना की बैठक में सोमवार को 74.73 करोड़ के परिव्यय को मंजूरी दी गई। बैठक की अध्यक्षता जनपद प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वीकृत परिव्यय में लगभग 57.13 करोड़ रुपये सामान्य मद, 17.37 करोड़ रुपये अनुसूचित जाति उपयोजना (एससीएसपी) तथा 22.70 लाख रुपये जनजाति उपयोजना (टीएसपी) मद के लिए निर्धारित किए गए हैं। बैठक में जिला योजना समिति के अध्यक्ष सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने विभागवार प्रस्तावित बजट पर सहमति जताई।
जिला योजना के तहत जल संस्थान के लिए 1230 लाख रुपये, लोक निर्माण विभाग के लिए 1060 लाख रुपये, प्रांतीय रक्षक दल एवं युवा कल्याण विभाग के लिए 500 लाख रुपये, पर्यटन विभाग के लिए 350 लाख रुपये, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के लिए 300 लाख रुपये, पेयजल निगम के लिए 580 लाख रुपये, कृषि विभाग के लिए 320 लाख रुपये तथा पशुपालन विभाग के लिए 355 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
बैठक की शुरुआत जिलाधिकारी अंशुल सिंह द्वारा प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के स्वागत से हुई। इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने जिला योजना 2026-27 का विभागवार प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बीते वित्तीय वर्ष में किए गए कार्यों और नवाचारों की भी जानकारी दी।
प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर जिला योजना में शामिल किया जाए और कार्यों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि के साथ भेदभाव न हो और उनके पत्राचार का समय पर जवाब दिया जाए।
बैठक में विधायकों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं उठाईं और उनके समाधान की मांग की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से आम नागरिकों के फोन कॉल का जवाब देने और जनसमस्याओं पर तत्काल कार्रवाई करने को भी कहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित