अल्मोड़ा , मई 27 -- उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को मंजूरी मिल गई है।

केंद्रीय विद्यालय संगठन के अपर आयुक्त दीपेश गहलोत द्वारा जारी आदेश के अनुसार द्वाराहाट में शैक्षिक सत्र 2026-27 से केंद्रीय विद्यालय का संचालन शुरू किया जाएगा।

बुधवार को जारी आदेश में कहा गया है कि राज्य सरकार द्वारा केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए भूमि का हस्तांतरण केंद्रीय विद्यालय संगठन के पक्ष में किए जाने तथा विद्यालय संचालन के लिए उपयुक्त अस्थायी भवन उपलब्ध कराए जाने के बाद विद्यालय खोलने की स्वीकृति प्रदान की गई है। द्वाराहाट में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सकेगा तथा ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्र के छात्रों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री और केंद्रीय विद्यालय संगठन का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि द्वाराहाट में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से क्षेत्र में शिक्षा का बेहतर वातावरण तैयार होगा और युवाओं को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है और यह निर्णय एक महत्वपूर्ण कदम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित