अल्मोड़ा , जुलाई 11 -- उत्तराखंड के रानीखेत के ऐना गांव में युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का अल्मोड़ा पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा (लोहे का घन) और चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर घोड़के ने शनिवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 10 जुलाई की रात को रानीखेत के ऐना गांव में अज्ञात हमलावर ने सागर सिंह पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

इसी दौरान बीच-बचाव के लिए आई मृतक की मां जानकी देवी और दादी शोभा देवी पर भी आरोपी ने हथौड़े और धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया। दोनों अस्पताल में भर्ती हैं और उपचार चल रहा है।

पुलिस ने मृतक के फुफेरे भाई नीरज बोरा की तहरीर पर कोतवाली रानीखेत में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 और 109 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। साथ ही प्रभारी निरीक्षक भुवन चन्द्र जोशी की अगुवाई में एक पुलिस टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने आरोपी जगत सिंह बोरा (35) निवासी ग्राम ऐना, रानीखेत को गिरफ्तार कर लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी स्वयं, अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह तथा क्षेत्राधिकारी रानीखेत भावना कैंथोला मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम की भी मदद ली गई।

पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया कि करीब दो माह पहले एक शादी समारोह में उसके दोस्त और मृतक और उसके भाई के बीच हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी। उसी रंजिश के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का घन और चाकू बरामद कर लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित