भोपाल , जून 03 -- मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने जबलपुर के महाराजपुर क्षेत्र में ईसाई समुदाय के धर्मगुरु और प्रार्थना स्थल पर हुए कथित हमले की निंदा करते हुए राज्य सरकार पर अल्पसंख्यक समुदायों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहने का आरोप लगाया है।

माकपा के राज्य सचिव जसविंदर सिंह ने जारी बयान में कहा कि महाराजपुर की घटना चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधी तत्वों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है और इसी कारण इस प्रकार की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस ने कथित रूप से दबाव में आकर पीड़ित धर्मगुरु के विरुद्ध ही कार्रवाई की है, जबकि हमले में शामिल लोगों के वीडियो भी सामने आए हैं।

माकपा ने कहा कि एक धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र में अल्पसंख्यक समुदायों पर होने वाले हमले चिंता का विषय हैं और सभी लोकतांत्रिक तथा धर्मनिरपेक्ष शक्तियों को ऐसी घटनाओं की निंदा करनी चाहिए। पार्टी ने संबंधित धर्मगुरु की रिहाई तथा घटना में शामिल आरोपियों के विरुद्ध निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित