रुद्रपुर , अक्टूबर 23 -- उत्तराखण्ड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष सुरजीत सिंह गांधी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में शुक्रवार को बैठक हुई। इसमें जिले के मदरसों और अल्पसंख्यक शैक्षिक संस्थानों की मान्यता से जुड़े विषयों पर शिक्षा विभाग और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। मान्यता प्रस्तावों, लंबित प्रकरणों और शिक्षा विभाग स्तर पर आ रही कमियों के निराकरण पर विस्तार से बात हुई।

अध्यक्ष श्री गांधी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मान्यता प्रस्तावों में आ रही कमियों को संबंधित विभागों के समन्वय से शीघ्र दूर किया जाए। उन्होंने प्राधिकरण के अधिनियम और उसके उद्देश्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा, ताकि अधिक से अधिक मदरसे और अल्पसंख्यक शैक्षिक संस्थान मान्यता प्रक्रिया से जुड़ सकें।

बैठक में विगत माह जनपद में बिना पंजीकरण और शिक्षा विभाग की मान्यता के संचालित पाए गए मदरसों पर हुई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी विपिन सिंह कण्डारी ने बताया कि जिन मदरसों ने विद्यालयी मान्यता के लिए आवेदन नहीं किया था और जो बिना पंजीकरण चल रहे थे, ऐसे 10 मदरसों को सील किया गया है।

अध्यक्ष ने इनकी वर्तमान स्थिति पर जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को शीघ्र विस्तृत आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

परियोजना निदेशक डीआरडीए हिमांशु जोशी ने संबंधित अधिकारियों को बैठक के निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और विस्तृत आख्या प्राधिकरण अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी को प्रस्तुत करने को कहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित