नयी दिल्ली , अप्रैल 20 -- अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने प्रधानमंत्री विकास योजना के तहत भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान ( आईआईटी) पटना के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं जिसका उद्देश्य अल्पसंख्यक युवाओं को आधुनिक तकनीक आधारित कौशल प्रदान कर उनकी रोजगार क्षमता बढ़ाना है।

अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय ने आज बताया कि यह समझौता मंत्रालय की निदेशक नेहा गिरी और आईआईटी पटना के निदेशक प्रो. टी. एन. सिंह की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

उन्होंने कहा कि इस रणनीतिक सहयोग के तहत बिहार के 600 अल्पसंख्यक युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टेक्नोक्रेट और बिजनेस एनालिटिक्स एग्जीक्यूटिव जैसे उभरते और उच्च मांग वाले क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम उद्योग की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया गया है, ताकि प्रतिभागियों को प्रासंगिक और व्यावहारिक कौशल मिल सके।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं की रोजगार क्षमता बढ़ाना और उन्हें बेहतर प्लेसमेंट के अवसर उपलब्ध कराना है। तकनीक-आधारित आधुनिक प्रशिक्षण के माध्यम से यह योजना कौशल अंतर को पाटने और स्थायी आजीविका के अवसर सुनिश्चित करने में मदद करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित