रायपुर , सितंबर 09 -- छत्तीसगढ़ में रायपुर लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद बृजमोहन अग्रवाल को केन्द्र सरकार के अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की हिन्दी सलाहकार समिति का सदस्य मनोनीत किया गया है।

अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की हिन्दी सलाहकार समिति के अध्यक्ष केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू हैं, जबकि राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन समिति के उपाध्यक्ष हैं। समिति में सांसद अग्रवाल को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

हिन्दी सलाहकार समिति का दायित्व संविधान, राजभाषा अधिनियम और उससे संबंधित नियमों में राजभाषा के प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विचार-विमर्श और आवश्यक सुझाव देना है। इसके साथ ही मंत्रालय के प्रशासनिक कामकाज, योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में राजभाषा हिन्दी के प्रगतिशील प्रयोग को बढ़ावा देने पर भी समिति का जोर रहेगा।

सांसद अग्रवाल ने अपनी नियुक्ति पर आज कहा कि, "हिन्दी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक अस्मिता, राष्ट्रीय एकता और जन-गण-मन को जोड़ने वाला सेतु है।" उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की कार्यप्रणाली में राजभाषा हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग से सरकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ आम लोगों तक और सरल एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जा सकेगा।

उन्होंने कहा, "केंद्रीय नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी मुझे सौंपी है उसका निर्वहन मैं पूरी इमानदारी से करूंगा। मुझे इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए चुना गया इसके लिए मैं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के प्रति आभार व्यक्त करता हूं।"श्री अग्रवाल छत्तीसगढ़ की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय हैं। वह लगातार आठ बार विधायक रह चुके हैं और मध्य प्रदेश तथा छत्तीसगढ़ सरकार में कई महत्वपूर्ण विभागों के कैबिनेट मंत्री का दायित्व संभाल चुके हैं। वर्ष 2024 के आम चुनाव में वह रायपुर लोकसभा सीट से भारी मतों से जीतकर संसद पहुंचे थे।

राजनीतिक और प्रशासनिक क्षेत्र में लंबे अनुभव के बाद हिन्दी सलाहकार समिति में उनकी नियुक्ति को राष्ट्रीय स्तर पर उनकी बढ़ती जिम्मेदारियों के रूप में देखा जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित