पटना , जून 22 -- बिहार अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के मंत्री मोहम्मद जमा खान ने सोमवार को अल्पसंख्यक आवासीय विद्यालय की नई वेबसाइट का शुभारंभ किया।हज भवन, पटना में आज अल्पसंख्यक कल्याण विभाग की राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता मंत्री श्री जमा खान ने की।

मंत्री ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में पूर्ण निष्ठा एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें तथा किसी भी स्तर पर उत्पन्न समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।उन्होंने विशेष रूप से छात्रावास एवं आवासीय विद्यालयों के संचालन, विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण सुविधाओं तथा सुरक्षित एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने को विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने निर्देश दिये कि किसी भी प्रशासनिक अथवा कार्यगत बाधा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मंत्री ने नियमित क्षेत्रीय भ्रमण एवं निरीक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि योजनाओं के वास्तविक प्रभाव एवं जमीनी स्तर की प्रगति का आकलन फील्ड विजिट के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने अधिकारियों को लाभार्थी-केंद्रित दृष्टिकोण अपनाते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये ।

बैठक के दौरान सभी जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारियों द्वारा जिलावार प्रस्तुतीकरण दिया गया, जिसमें विभागीय योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियां एवं चुनौतियों की समीक्षा की गई। प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं के समाधान के लिये आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

मंत्री ने यह भी उल्लेख किया कि इस वर्ष 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में विभाग संचालित आवासीय विद्यालयों का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा है। विशेष रूप से दरभंगा जिले के विद्यार्थियों द्वारा जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन विभाग के लिए गौरव का विषय रहा है।

बैठक के अंत में विभागीय योजनाओं के प्रभावी संचालन एवं लाभार्थियों तक समयबद्ध सेवाएं सुनिश्चित करने के लिये आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक में विभाग के सचिव मोहम्मद सोहेल सहित विभागीय पदाधिकारी, सभी जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित