पटना , दिसम्बर 18 -- बिहार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने गुरुवार को कहा कि प्रदेश में अल्पसंख्यक समाज के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक उत्थान में नीतीश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं मील का पत्थर साबित हुई हैं।

श्री कुशवाहा ने आज बयान जारी कर कहा कि अल्पसंख्यक समाज 2005 से पहले खुद को उपेक्षित महसूस करता था, लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ईमानदार और दूरदर्शी प्रयासों से विकास की मुख्यधारा में उसे शामिल होने का अवसर मिला है।

जदयू के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बीते 20 वर्षों में नीतीश सरकार ने अल्पसंख्यक समाज के हित में कई ठोस कदम उठाए हैं। इनमें अल्पसंख्यक कल्याण छात्रवास योजना, इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क कोचिंग, उर्दू शिक्षकों की बहाली, मदरसा शिक्षकों का वेतनमान, मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक उद्यमी योजना, तालिमी मरकज़ की स्थापना और मदरसों में गुणवत्तापूर्ण व आधुनिक शिक्षा की व्यवस्था शामिल हैं। इसके साथ ही 8,000 से अधिक कब्रिस्तानों की घेराबंदी का काम पूरा किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित