पांढुर्णा , सितंबर 29 -- मध्यप्रदेश के पांढुर्णा जिले में अल्पवृष्टि के कारण फसलों को हुए नुकसान को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल फसल सर्वे कराने, किसानों को मुआवजा एवं फसल बीमा राशि दिलाने तथा जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग की है।

29 सितंबर को लिखे पत्र में कमलनाथ ने कहा कि पर्याप्त बारिश नहीं होने से जिले के कई क्षेत्रों में फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। इसका असर किसानों की आर्थिक स्थिति पर पड़ने की आशंका है। उन्होंने कहा कि खेती पर निर्भर किसान परिवारों के लिए मौजूदा परिस्थितियां चिंताजनक हैं और समय पर सहायता नहीं मिलने से उनकी परेशानी बढ़ सकती है।

उन्होंने मुख्यमंत्री से अल्पवृष्टि प्रभावित सभी क्षेत्रों का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल सर्वे कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि सर्वे के आधार पर पात्र किसानों को नियमानुसार मुआवजा और फसल बीमा राशि उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही किसानों को राहत देने के लिए विद्युत बिलों में आवश्यक छूट अथवा अन्य सहायता प्रदान करने की कार्रवाई की जाए।

कमलनाथ ने पांढुर्णा जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग भी की है। उन्होंने कहा कि किसान विपरीत परिस्थितियों में भी मेहनत कर अन्न उत्पादन करता है, इसलिए संकट की स्थिति में शासन की ओर से त्वरित सहायता मिलना जरूरी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस संबंध में शीघ्र आदेश जारी करने का अनुरोध किया, ताकि प्रभावित किसानों को आर्थिक सहायता मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित